फसल क्षति झेलने वाले किसानों को बड़ी राहत, खातों में पहुंची अनुदान राशि
चंदौली। जनपद में बाढ़ और अतिवृष्टि के कारण फसल क्षति का सामना करने वाले किसानों को राहत देने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि निवेश अनुदान राशि का वितरण किया गया। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जिले के 10,701 प्रभावित किसानों को कुल 4 करोड़ 31 लाख 56 हजार 909 रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। यह अनुदान 1,863.83 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र में हुई फसल क्षति के सापेक्ष दिया गया।
प्राप्त विवरण के अनुसार, जिले की चंदौली, चकिया, सकलडीहा और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसीलों के 2,389 किसानों को 499.388 हेक्टेयर क्षेत्र में फसल क्षति के लिए 1 करोड़ 8 लाख 28 हजार 796 रुपये का भुगतान किया गया। वहीं, अत्यधिक बारिश से प्रभावित चंदौली, सकलडीहा और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसीलों के 8,312 किसानों को 1,364.442 हेक्टेयर क्षेत्र में हुए नुकसान के एवज में 3 करोड़ 23 लाख 28 हजार 113 रुपये की अनुदान राशि प्रदान की गई।
वर्ष 2026-27 के दौरान जिले के 60 गांव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। आपदा प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए अब तक 2,225 व्यक्तियों तक सहायता पहुंचाई गई है। इसके तहत 800 भोजन पैकेट और 400 राशन किट का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा सहित उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी और राजस्व कर्मचारी मौजूद रहे।