चंदौली में भारतीय किसान संघ की बैठक, सितंबर में किसानों की समस्याओं को लेकर होगा धरना-प्रदर्शन
चंदौली। भारतीय किसान संघ की जिला स्तरीय बैठक में किसानों की समस्याओं, संगठन विस्तार और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उत्तर प्रदेश संगठन मंत्री शिवाकांत दीक्षित ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करने और किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। साथ ही सितंबर माह में उत्तर प्रदेश सरकार को किसानों की विभिन्न मांगों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन के माध्यम से ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।
बैठक में बरहनी सहित जनपद के सभी विकास खंडों के अध्यक्ष एवं मंत्री मौजूद रहे। संगठन मंत्री ने निर्देश दिया कि प्रत्येक ग्राम समिति नियमित रूप से मासिक बैठक आयोजित कर किसानों से जुड़े स्थानीय और कृषि संबंधी मुद्दों पर चर्चा करे तथा उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाए।
उन्होंने संगठन के सदस्यता अभियान को गति देने पर भी जोर देते हुए सभी खंड अध्यक्षों और मंत्रियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के कम से कम पांच गांवों में व्यापक सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों को भारतीय किसान संघ से जोड़ें।
शिवाकांत दीक्षित ने कहा कि संगठन की मजबूती किसानों की एकजुटता से ही संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरे उत्साह और समर्पण के साथ किसानों के हितों की लड़ाई लड़ने तथा उनकी समस्याओं को प्रशासन और सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष मनोज सिंह ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री विवेक पांडेय ने किया। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री अखिलेश, प्रांत महामंत्री रविशंकर, प्रांत उपाध्यक्ष संतोष मिश्रा, प्रांत मंत्री सदानंद मौर्य, प्रांत अध्यक्ष इंद्रासन सिंह, प्रांत संगठन मंत्री राम चेला सहित जिला कार्यकारिणी एवं सभी ब्लॉकों के अध्यक्ष और मंत्री उपस्थित रहे।