भरत तिवारी मामले में बढ़ा जनदबाव! चंदौली के ब्राह्मण समाज ने महापंचायत में उठाई निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग
चंदौली। बिहार के भोजपुर जनपद के बिलौटी गांव निवासी दिवंगत सामाजिक कार्यकर्ता एवं छात्र भरत तिवारी उर्फ भरत भूषण तिवारी की मौत के मामले को लेकर न्याय की मांग लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में चंदौली के ब्राह्मण सभा के पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों ने अभिनव त्रिपाठी के नेतृत्व में आयोजित महापंचायत में शामिल होकर दिवंगत भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
महापंचायत को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भरत तिवारी सोशल मीडिया के माध्यम से जनहित के मुद्दों, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं को लगातार उठाते रहे। 17 जून 2026 को हुई उनकी मौत के बाद यह मामला व्यापक चर्चा का विषय बन गया है और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।
ब्राह्मण सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि पूरे मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। यदि जांच में किसी भी स्तर पर किसी की जिम्मेदारी सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों एवं दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने बिहार सरकार से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग भी की।
महापंचायत में मौजूद लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि कानून के दायरे में रहकर निष्पक्ष कार्रवाई ही जनता का विश्वास कायम रख सकती है।
कार्यक्रम में परमानंद तिवारी, लकी पांडेय, एकांश मिश्रा (यशु), प्रवीण मिश्रा, अजीत सिंह, सुनील पांडेय सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।