बाल श्रम उन्मूलन में उत्कृष्ट कार्य के लिए चंदौली के प्रधान आशुतोष सिंह ‘मिंटू’ सम्मानित

चंदौली के प्रहलादपुर ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह ‘मिंटू’ को अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस पर लखनऊ में सम्मानित किया गया। बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और बाल श्रम रोकने के प्रयासों की सराहना हुई।
 
अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस पर लखनऊ में मिला सम्मान, शिक्षा से जोड़ने के प्रयासों की हुई सराहना
 

चंदौली। अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर चंदौली जनपद के धानापुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत प्रहलादपुर के ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह ‘मिंटू’ को बाल श्रम उन्मूलन एवं बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई।

यह सम्मान 12 जून 2026 को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदान किया गया। समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर तथा अपर श्रमायुक्त आईएएस सौम्या पांडेय ने प्रधान आशुतोष सिंह ‘मिंटू’ को सम्मानित किया।

ग्राम प्रधान आशुतोष सिंह ने अपने क्षेत्र में बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने, बच्चों को विद्यालयों में नामांकित कराने और शिक्षा के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके प्रयासों से कई बच्चे बाल श्रम छोड़कर शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़े हैं।

सम्मान प्राप्त करने के बाद आशुतोष सिंह ‘मिंटू’ ने कहा कि यह उपलब्धि ग्राम सभा प्रहलादपुर की जनता के सहयोग और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गांव में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बच्चों को विद्यालयों में प्रवेश दिलाने के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी जागरूक किया जा रहा है।

स्थानीय स्तर पर आशुतोष सिंह ‘मिंटू’ को बाल श्रम उन्मूलन के क्षेत्र में एक प्रेरणास्रोत और रोल मॉडल के रूप में देखा जाता है। उन्हें इससे पूर्व भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिलाधिकारी तथा विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जनहित और विकास कार्यों के लिए सम्मानित किया जा चुका है।

उन्होंने अपने इस सम्मान का श्रेय धानापुर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, विधायक सुशील सिंह तथा क्षेत्र की जनता को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से ही समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली है।

क्षेत्र के लोगों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे पूरे चंदौली जनपद के लिए गौरव का विषय बताया है।