चंदौली में चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीण थाने पहुंचे, पुलिस की सक्रियता पर उठाए सवाल

चंदौली के धानापुर में लगातार चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। पुराने चोरी के मामलों का खुलासा न होने पर पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठाए।
 

चंदौली। धानापुर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने पुलिस से चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले चार दिनों से क्षेत्र में एक संदिग्ध चोर लगातार घरों को निशाना बना रहा है। गुरुवार रात ग्रामीणों ने एक संदिग्ध को पकड़ने का प्रयास किया था, लेकिन वह साइकिल और जूते छोड़कर भाग निकला। शुक्रवार दोपहर ग्रामीणों ने दोनों सामान पुलिस को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की थी।

ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे धानापुर कस्बे के खजूरहिया निवासी स्व. केदार के घर में चोरी का प्रयास किया गया। घर में सो रही महिला के जागने पर चोर ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट और छेड़खानी की। शोर सुनकर ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना से नाराज ग्रामीण रात में धानापुर थाने पहुंचे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। ग्रामीणों ने नरौली गांव के काली मंदिर से 20 किलो का घंटा और 14 चांदी की आंखें चोरी होने सहित क्षेत्र में पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि कई पुराने मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।


 

ग्रामीणों ने नए थाना प्रभारी से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और पुराने मामलों के खुलासे की उम्मीद जताई। प्रदर्शन के दौरान थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल का ध्यान क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं की ओर आकृष्ट कर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।