चंदौली में कथित गोमांस तस्करी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक इनोवा कार से 600.5 किलोग्राम संदिग्ध गोमांस और दो चापड़ बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि वाहन में सवार दो अन्य लोग फरार हो गए। बरामद मांस की प्रारंभिक जांच में पशु चिकित्साधिकारी ने गोमांस होने की आशंका जताई है। पुलिस के अनुसार, नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे।
पुलिस के मुताबिक, 17 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर अलीनगर पुलिस टीम ने सिंधीताली पुल के पास इनोवा कार संख्या UP65BT5561 को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान चालक ने पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने की कोशिश की। इसी बीच कार डिवाइडर से टकराकर रुक गई। वाहन से उतरकर चालक और पीछे बैठा एक व्यक्ति फरार हो गया, जबकि चालक के बगल में बैठे व्यक्ति को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैयाज कुरैशी (45), पुत्र मोहम्मद इस्लाम कुरैशी, निवासी बेलौड़ी पंचायत, थाना मोहनियां, जिला कैमूर-भभुआ, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें से 600.5 किलोग्राम संदिग्ध गोमांस और दो चापड़ बरामद हुए। सूचना पर पशु चिकित्साधिकारी को मौके पर बुलाकर प्रारंभिक परीक्षण कराया गया। इसके बाद आवश्यक नमूने एकत्र कर नियमानुसार सील किए गए।
बिहार से वाराणसी लाकर बेचने का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वे बिहार में गोवंश काटकर मांस तैयार करते हैं और उसे वाहन से वाराणसी लाकर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बेचते हैं। पुलिस इस मामले में आरोपी के बयान के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
अलीनगर थाने में मुकदमा संख्या 640/26 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5/5बी/8, आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1)/3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की टीम रही शामिल
कार्रवाई में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक अमित सेन सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, हेड कांस्टेबल नंदलाल यादव तथा कांस्टेबल वजाहत अली सिद्दिकी, शैलेन्द्र सिंह और राज मुहम्मद शामिल रहे।