15 वर्षों से जर्जर पड़ा अहिकौरा-असवारिया मार्ग, ग्रामीणों का प्रदर्शन! मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

चंदौली के धानापुर क्षेत्र में अहिकौरा से असवारिया कमालपुर को जोड़ने वाला मार्ग 15 वर्षों से जर्जर है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर सड़क निर्माण की मांग की और आंदोलन की चेतावनी दी।

 
 

चंदौली। जनपद के धानापुर विकासखंड क्षेत्र में अहिकौरा गांव से असवारिया कमालपुर को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग वर्षों से बदहाल स्थिति में पड़ा हुआ है। सड़क की जर्जर हालत से परेशान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग पिछले करीब 15 वर्षों से मरम्मत का इंतजार कर रहा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन चुके हैं और कई हिस्से पूरी तरह टूट चुके हैं, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो गया है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को सड़क की समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों ने यह भी कहा कि उनके क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष का संबंध होने के बावजूद सड़क की समस्या का समाधान नहीं हो सका है। लोगों को उम्मीद थी कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी, लेकिन आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

स्थानीय किसानों ने बताया कि जर्जर सड़क के कारण खेती-किसानी का कार्य भी प्रभावित हो रहा है। खेतों तक कृषि उपकरण और फसल पहुंचाने में कठिनाई होती है। वहीं सड़क किनारे उगी झाड़ियों और टूटे मार्ग पर सांप-बिच्छू निकलने का खतरा भी बना रहता है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।

प्रदर्शन के दौरान चंदन, इंदल, अशोक मौर्य, तेजा, अनवर अली, रामगति, बाबूलाल, खुर्शीद, उदय और दयाशंकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने जिलाधिकारी चंदौली चंद्र मोहन गर्ग से हस्तक्षेप कर सड़क निर्माण कराने की मांग की।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मार्ग की मरम्मत शुरू नहीं हुई तो क्षेत्र के लोग बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।