चंदौली में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, धमकी देकर घर में बनाया बंधक, आरोपी हिरासत में
चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोमवार शाम किताब लेने पड़ोसी के घर गई किशोरी को एक युवक ने घर के अंदर बंद कर दिया और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया।
विरोध करने पर आरोपी ने उसके पिता को गोली मारने की धमकी दी।
पीड़िता के मुताबिक, वह शाम के समय किताब लेने पड़ोसी के घर गई थी। इसी दौरान आरोपी युवक ने उसे घर में बंद कर दिया। किशोरी ने जब विरोध किया तो आरोपी ने उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी।
किसी तरह किशोरी शोर मचाते हुए छत पर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और उसके साथ मारपीट की।
इसके बाद किशोरी किसी तरह घर से बाहर निकलने में सफल रही। आरोप है कि घर के बाहर आरोपी के कुछ साथी भी मौजूद थे, जो पूरी घटना का वीडियो बना रहे थे। पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद किशोरी के पिता ने धानापुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि सोमवार को तत्काल कार्रवाई नहीं हुई।
काफी प्रयास के बाद मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि गांव की एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।