धरहरा में ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप, पीड़ित विवाहिता एसपी कार्यालय पहुंची, कार्रवाई की लगाई गुहार

 चंदौली के धरहरा में ससुराल पक्ष पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए विवाहिता खुशी भारती एसपी कार्यालय पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
 

चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट किए जाने के आरोप को लेकर एक विवाहिता सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। पीड़िता खुशी भारती ने अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले में कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई।

पीड़िता के अनुसार, रविवार शाम वह अपने भाई आर्यन राज और बड़ी बहन खुशबू भारती के साथ अपने ससुराल गई थी। इसी दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि जब उसके भाई और बहन ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

खुशी भारती (23) ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार प्रताड़ित करते आ रहे हैं। दहेज की मांग को लेकर उसे पहले घर से निकाल दिया गया था।

पीड़िता के मुताबिक उसका हाईस्कूल का अंकपत्र ससुराल में रखा हुआ था और आधार कार्ड में संशोधन कराने के लिए उसे अंकपत्र की आवश्यकता थी।

इसी वजह से वह अपने 16 वर्षीय भाई आर्यन राज और 27 वर्षीय बड़ी बहन खुशबू भारती के साथ अंकपत्र लेने के लिए ससुराल पहुंची थी। आरोप है कि वहां पहुंचते ही ससुराल पक्ष के लोगों ने तीनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद पीड़िता ने मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की।

खुशी भारती का आरोप है कि स्थानीय स्तर पर मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर को पूरे मामले से अवगत कराते हुए प्रार्थना पत्र सौंपा।

अपर पुलिस अधीक्षक ने पीड़िता की शिकायत को सुनने के बाद उसे मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।