चंदौली तहसील में अधिवक्ता पर हमले का आरोप, माल बाबू के खिलाफ कार्रवाई की मांग!
चंदौली। सकलडीहा तहसील में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अधिवक्ता ने तहसील के माल बाबू पर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया। घटना में अधिवक्ता के चेहरे पर चोटें आईं। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता तहसील परिसर में एकत्र हो गए और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन को मौके पर पहुंचना पड़ा।
फाइल को लेकर हुई कहासुनी, फिर मारपीट का आरोप
घायल अधिवक्ता उपेंद्र नारायण सिंह के अनुसार वह एक राजस्व फाइल के संबंध में माल बाबू साकिब अंसारी से बातचीत करने गए थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। अधिवक्ता का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पहले उनके साथ मारपीट की गई और बाद में उन पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।
अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, एसडीएम ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद साथी अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया। अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन करते हुए आरोपी माल बाबू के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और निलंबन की मांग की। स्थिति तनावपूर्ण होने पर एसडीएम कुंदन राज कपूर ने हस्तक्षेप कर अधिवक्ताओं को शांत कराया।
पुलिस ने शुरू की जांच
अधिवक्ताओं ने सकलडीहा कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी। पुलिस ने घायल अधिवक्ता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
तहसील परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए तहसील परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पूरे परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
इस दौरान डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जनार्दन मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।