मुगलसराय में जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल सेंटरिंग का पटरा बरामद
बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के सिर पर किया था पटरे से वार, पुलिस ने पटनवां तिराहे के पास से दबोचा
चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र में जानलेवा हमले के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल सेंटरिंग का पटरा भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हमीदपुर निवासी दिलीप सिंह उर्फ अजय सिंह (20) पुत्र स्वर्गीय पारस नाथ सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना 28 अक्टूबर 2026 की है। ग्राम गोपालपुर निवासी मो. गालिब ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया था कि टेंगरा मोड़-जिवनाथपुर मार्ग पर ग्राम हमीदपुर स्थित एक चिकन की दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी सत्यम उर्फ लम्बू और दिलीप के बीच विवाद हो रहा था। इस दौरान गाली-गलौज भी की जा रही थी। आरोप है कि मो. गालिब जब दोनों के बीच बचाव करने पहुंचे तो दिलीप ने पास में रखे सेंटरिंग के पटरे से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
मामले में पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुगलसराय थाने में मुकदमा अपराध संख्या 569/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 115(2) और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 30 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पटनवां तिराहे के पास से दिलीप सिंह उर्फ अजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। विवेचना के दौरान वादी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से वारदात में प्रयुक्त सेंटरिंग का एक पटरा भी बरामद किया गया।
पुलिस ने बरामद पटरे को कब्जे में लेते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक सूरज रावत और हेड कांस्टेबल सनोज सिंह शामिल रहे।