नौबतपुर में हादसे ने छीनी जिंदगी, NHAI कर्मचारी की दर्दनाक मौत
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के नौबतपुर के पास सोमवार भोर सड़क हादसे में NHAI कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान करीब 40 वर्षीय अंकित कुमार के रूप में हुई है। वह सैयदराजा थाना क्षेत्र के भतीजा गांव का निवासी था और वाराणसी के डाफी रोड स्थित टोल प्लाजा पर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में तैनात था।
जानकारी के अनुसार, अंकित कुमार ड्यूटी समाप्त करने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान नौबतपुर के पास वह घायल अवस्था में बाइक समेत सड़क पर पड़ा मिला। राहगीरों और विभागीय कर्मचारियों की सूचना पर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसा किसी वाहन की टक्कर से हुआ या बाइक अनियंत्रित होने के कारण अंकित सड़क पर गिरा, इसकी स्थिति फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य बिंदुओं पर जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।