चार करोड़ से अधिक की परियोजना से बदलेगी गांधीनगर की तस्वीर, सीवर निर्माण शुरू
चंदौली। नगर पंचायत के मुख्य बाजार स्थित गांधीनगर वार्ड की वर्षों पुरानी जल निकासी और गंदगी की समस्या के समाधान की दिशा में शनिवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। नगर के वार्ड नंबर 14 में सिंचाई विभाग के नाले पर 4 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से सीवर का निर्माण कराया जाएगा। विधायक रमेश जायसवाल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन और हवन कर परियोजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना के शुरू होने से लंबे समय से गंदगी और दुर्गंध की समस्या झेल रहे स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र से गुजरने वाला सिंचाई विभाग का नाला लंबे समय से स्थानीय नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। नाले में गंदगी और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से आसपास के लोगों को दुर्गंध और असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय नागरिकों की ओर से लगातार नाले पर सीवर निर्माण की मांग उठाई जा रही थी। विधानसभा चुनाव के दौरान विधायक रमेश जायसवाल ने इस समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। अब परियोजना का शिलान्यास होने से चुनावी वादे को पूरा करने की दिशा में पहल आगे बढ़ी है।
इस अवसर पर विधायक रमेश जायसवाल ने बताया कि मुख्य बाजार क्षेत्र में नाले पर सीवर निर्माण के लिए 4.08 करोड़ रुपये का टेंडर स्वीकृत हो चुका है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में गंदगी और जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना और नगर का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। जनता से किए गए वादों को विकास कार्यों के माध्यम से पूरा करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
पूर्व चेयरमैन सुदर्शन सिंह ने कहा कि नाले पर सीवर निर्माण नगरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। परियोजना पूरी होने के बाद स्थानीय लोगों को गंदगी, दुर्गंध और जल निकासी की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान नगरवासियों ने विधायक का माल्यार्पण कर स्वागत किया और परियोजना की पहल के लिए आभार जताया।
इस दौरान ओम प्रकाश सिंह उर्फ ओपी सिंह, राजबहादुर सिंह ट्विंकल, राजीव अग्रहरि, विवेक सिंह, धीरज, नारायण दास जायसवाल, दिलीप सोनकर, संजय अग्रहरि, कन्हैया मोदनवाल, पारसनाथ जायसवाल, विजय अग्रहरि, पंकज जायसवाल, अशोक जायसवाल, समर बहादुर सिंह, अंशु सिंह, सभासद विजय जायसवाल, अभिषेक जायसवाल, जयप्रकाश गुप्ता, अशोक केसरी, बृजेश अग्रहरि और सूरज जायसवाल सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।