चकिया के फिरोजपुर गांव में सड़क पर दिखा विशाल मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत

पोखरे से निकलकर सड़क पर पहुंचा विशाल मगरमच्छ, ग्रामीणों की सुरक्षा पर सवाल
 

चंदौली। चकिया तहसील क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में सड़क पर एक विशाल मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव की पहाड़ी की ओर जाने वाली सड़क पर विचरण करते मगरमच्छ का वीडियो ग्रामीणों ने बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया है। सड़क पर मगरमच्छ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों की आवाजाही और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, करीब आठ फीट लंबा यह मगरमच्छ पिछले दो वर्षों से गांव के पोखरे और आसपास के इलाकों में दिखाई देता रहा है। इसे पकड़ने के लिए पिछले वर्ष वन विभाग की टीम ने कई बार जाल बिछाकर प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। बताया जा रहा है कि मगरमच्छ लगातार वन विभाग की पकड़ से बचता रहा है।

अब सड़क पर मगरमच्छ के दिखाई देने का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों को आशंका है कि गांव के आसपास विचरण करने वाला मगरमच्छ किसी राहगीर या ग्रामीण के लिए खतरा बन सकता है। ऐसे में ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मगरमच्छ को पकड़ने की प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

फिलहाल, सड़क पर मगरमच्छ दिखाई देने की घटना ने गांव में चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।