चंदौली में घर में घुसे सांड का हमला, 71 वर्षीय महिला की मौत, ग्रामीणों ने उठाई छुट्टा पशुओं पर कार्रवाई की मांग
चंदौली। जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के सरया गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में घुसे एक आवारा सांड के हमले में 71 वर्षीय चंपा देवी की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने छुट्टा पशुओं की समस्या को लेकर प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की है।
घर के भीतर काम कर रही थीं महिला
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय राम नगीना यादव की पत्नी चंपा देवी सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे अपने घर में घरेलू काम कर रही थीं। इसी दौरान एक आवारा सांड अचानक घर में घुस आया और उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि महिला की मौत सांड के हमले से हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला संयुक्त चिकित्सालय भेजा जा रहा है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतका अपने पीछे चार पुत्र-कन्हैया यादव, सुनील यादव, मुन्ना यादव और कपिलदेव यादव तथा एक विवाहित पुत्री संगीता को छोड़ गई हैं। परिवार का मुख्य व्यवसाय खेती है और घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
ग्रामीणों में आक्रोश, मुआवजे की मांग
घटना के बाद गांव के लोगों में छुट्टा सांडों को लेकर भारी नाराजगी है। ग्राम प्रधान वीरेंद्र प्रताप यादव ने कहा कि आवारा पशु लगातार किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और अब उनकी वजह से एक महिला की जान चली गई। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और छुट्टा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।