चंदौली में 4,598 छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ, खातों में भेजे गए 1.13 करोड़ रुपये
चंदौली। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जिले के पूर्वदशम और दशमोत्तर कक्षाओं के पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ दिया गया। शनिवार को महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में छात्रवृत्ति स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इस दौरान लखनऊ स्थित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
4,598 विद्यार्थियों के खातों में पहुंची छात्रवृत्ति
जिले में कुल 4,598 पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में 113.97 लाख रुपये की धनराशि सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। छात्रवृत्ति की राशि अलग-अलग वर्गों के विद्यार्थियों के खातों में स्थानांतरित की गई।
वर्गवार लाभार्थियों की बात करें तो अन्य पिछड़ा वर्ग के 2,631 विद्यार्थियों को 73.89 लाख रुपये, अनुसूचित जाति के 1,155 विद्यार्थियों को 15.17 लाख रुपये, अल्पसंख्यक वर्ग के 492 विद्यार्थियों को 15.31 लाख रुपये और सामान्य वर्ग के 320 विद्यार्थियों को 9.60 लाख रुपये की धनराशि दी गई।
सैयदराजा विधायक ने बांटे स्वीकृति पत्र
महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए। इस दौरान विद्यार्थियों में छात्रवृत्ति मिलने को लेकर उत्साह नजर आया।कार्यक्रम में राज्य स्तरीय समारोह का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति स्वीकृति पत्र वितरित किए जाने का कार्यक्रम दिखाया गया।
जिले के शिक्षण संस्थानों में भी हुआ लाइव प्रसारण
छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम को जिले के अन्य शिक्षण संस्थानों में भी लाइव दिखाया गया। इन संस्थानों में पात्र विद्यार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। डीबीटी के जरिए राशि सीधे बैंक खातों में भेजे जाने से छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ मिला। कार्यक्रम में मुगलसराय विधायक के प्रतिनिधि बृजेश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साई, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।