तालाब में डूबने से 34 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के लाखापुर गांव में तालाब में डूबने से 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बुधवार देर शाम शौच के लिए तालाब किनारे गए युवक का शव गुरुवार सुबह पोखर में उतराता मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, लाखापुर गांव निवासी स्वर्गीय फौजदार गिरी के पुत्र रविशंकर गिरी (34) बुधवार देर शाम शौच के लिए तालाब की ओर गए थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। देर रात तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित थे। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने पोखर में एक युवक का शव उतराता देखा। इसकी सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव की पहचान रविशंकर गिरी के रूप में होते ही परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की सूचना पर अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को तालाब से निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

बताया जाता है कि रविशंकर बेहद साधारण आर्थिक स्थिति वाले परिवार से थे। वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक, उनका स्वभाव मिलनसार था और वह सभी के साथ अच्छे संबंध रखते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।