बोलेरो से बिहार ले जाया जा रहा 2000 लीटर अवैध डीजल बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
चंदौली। जनपद में अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैयदराजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने एक बोलेरो वाहन से बिहार ले जाए जा रहे करीब 2000 लीटर अवैध डीजल के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद डीजल की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 87 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध शराब, गौ तस्करी तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना सैयदराजा police टीम द्वारा 20 मई 2026 को चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन में अवैध डीजल लेकर बिहार की ओर जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एनएच-2 हाईवे स्थित ग्राम बगही कुम्भापुर के पास घेराबंदी कर बोलेरो वाहन संख्या UP758T7546 को रोककर तलाशी ली। जांच में वाहन से 2000 लीटर अवैध डीजल बरामद हुआ। मौके से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि वे आरआर फ्यूल गोधना स्थित पेट्रोल पंप से डीजल लेकर बिहार राज्य के चैनपुर, भभुआ स्थित मेसर्स साकिर कंस्ट्रक्शन कंपनी, चांदपुर पहुंचाने जा रहे थे। पुलिस ने जिलाधिकारी की अनुमति प्राप्त करने के बाद थाना सैयदराजा में मुकदमा अपराध संख्या 159/26 धारा 3/7 ईसी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में नावेद पुत्र मैनुद्दीन निवासी बीजोपुर थाना सिकरौना, जनपद फरीदाबाद (हरियाणा) तथा मोईन पुत्र सुबेद्दीन निवासी बन्दापुर थाना चौपानकी, जनपद अलवर (राजस्थान) शामिल हैं।
बरामदगी में 2000 लीटर अवैध डीजल तथा बोलेरो वाहन संख्या UP758T7546 शामिल है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, हेड कांस्टेबल नसीरुद्दीन मोहम्मद हुमायु, कांस्टेबल शंकर प्रसाद तथा चालक हेड कांस्टेबल विरेश कुमार शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अवैध ईंधन तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।