चन्दौली में भीषण सड़क हादसा, अंतिम संस्कार के लिए जा रही मैजिक ट्रक से टकराई, 17 लोग घायल

चन्दौली में दर्दनाक हादसा, अंतिम संस्कार के लिए जा रही मैजिक ट्रक से टकराई
 
शव लेकर वाराणसी जा रही मैजिक दुर्घटनाग्रस्त, मची चीख-पुकार

चन्दौली। बिहार से शव लेकर काशी अंतिम संस्कार के लिए आ रही एक मैजिक वाहन मंगलवार देर रात NH-19 पर दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। सदर कोतवाली क्षेत्र के भिखारीपुर के पास तेज रफ्तार मैजिक सामने चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कई लोग वाहन के अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में कुल 17 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें एंबुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि सभी लोग बिहार के कैमूर जनपद के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भवखड़ा गांव के निवासी हैं और एक शव लेकर वाराणसी अंतिम संस्कार के लिए आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद NH-19 पर कुछ देर के लिए लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया और हादसे की जांच शुरू कर दी है।