शौचालय की पानी टंकी में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत, गांव में मातम

 

सुन्डेहरा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बालक बालवीर उर्फ छक्कू की पानी से भरी शौचालय टंकी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बताया गया कि बालवीर, राजकुमार का पुत्र था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह घर से निकला था, लेकिन दोपहर 1 बजे तक वापस नहीं लौटा। काफी देर तक घर न पहुंचने पर उसकी मां ऊषा देवी चिंतित हो गईं और आसपास उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला।

इसके बाद पिता राजकुमार ने भी गांव और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की। तलाश करते हुए वह घर से लगभग 200 मीटर दूर खेत में बन रहे नए मकान पर पहुंचे। वहां नवनिर्मित शौचालय की पानी टंकी में बालवीर का शव पड़ा मिला। टंकी पानी से भरी हुई थी।

बेटे का शव देखकर राजकुमार की चीख निकल गई। शोर सुनकर परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से बालक के शव को टंकी से बाहर निकाला गया।

घटना के बाद मृतक के पिता राजकुमार और मां ऊषा देवी गहरे सदमे में हैं। गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।