चंदौली में सपा नेताओं पर बड़ी कार्रवाई! मनोज सिंह डब्लू समेत 250 अज्ञात समर्थकों पर FIR, दंगा भड़काने सहित 9 गंभीर धाराएं लगीं
चंदौली। जिला मुख्यालय पर समाजवादी पार्टी के धरना-प्रदर्शन के दौरान हुई नोकझोंक और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने के आरोप में दर्ज एफआईआर की सूची सामने आ गई है। पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को नामजद किया गया है, जबकि 200 से 250 अज्ञात समर्थकों को भी आरोपी बनाया गया है।
एफआईआर में जिन प्रमुख नेताओं को नामजद किया गया है, उनमें पूर्व विधायक सैयदराजा मनोज सिंह उर्फ डब्लू, सपा जिलाध्यक्ष सत्यानारायण राजभर, सांसद प्रतिनिधि नवीन सिंह, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी चन्द्रशेखर यादव, जिला पंचायत सदस्य अंजनी सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज सिंह काका, पूर्व अध्यक्ष मुसाफिर सिंह चौहान, पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष डॉ. विनोद बिंद तथा जिला महासचिव नफीस अहमद उर्फ गुड्डू शामिल हैं।
इसके अलावा एफआईआर में लगभग 200 से 250 अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है, जिनकी पहचान पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कर रही है।
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने स्मार्ट मीटर, बढ़े हुए बिजली बिल, नहरों में पानी की उपलब्धता, गंगा कटान और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया था। ज्ञापन सौंपने के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं समाजवादी पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
एफआईआर सामने आने के बाद जिले की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर सियासी बयानबाजी और बढ़ने की संभावना है।