शुभेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड में बड़ा खुलासा, बलिया का राजकुमार सिंह गिरफ्तार

CBI ने मुजफ्फरनगर से दबोचा मुख्य शूटर, पवन सिंह के साथ फोटो वायरल; गाजीपुर में भी बंगाल पुलिस की छापेमारी

 
 

उत्तरप्रदेश, बलिया। पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता और मुख्यमंत्री विपक्ष शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में सीबीआई को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी और शूटर राजकुमार सिंह को सीबीआई ने मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उत्तर प्रदेश के बलिया जिले का रहने वाला है और पहले भी SC/ST एक्ट समेत मारपीट के मामले में जेल जा चुका है।

राजकुमार सिंह की भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह (Pawan Singh) के साथ एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। तस्वीर में वह ग्रीन टी-शर्ट पहनकर पवन सिंह के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है।

सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, राजकुमार हरिद्वार से लौट रहा था। पहले से इनपुट मिलने के बाद सीबीआई टीम ने मुजफ्फरनगर के छपार टोल प्लाजा पर जाल बिछाया और सोमवार तड़के उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 24 घंटे की रिमांड मंजूर की गई।

इससे पहले 10 मई को बलिया निवासी एक अन्य आरोपी राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया था। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस हत्याकांड में कम से कम 8 लोग शामिल थे और वारदात को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया गया।

इधर, पश्चिम बंगाल पुलिस ने गाजीपुर में भी देर रात छापेमारी की। पुलिस संजय राय और विनय राय की तलाश में पहुंची थी। दोनों के घरों की तलाशी ली गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पूछताछ के लिए एक युवक को हिरासत में लिया गया, जिसे बाद में छोड़ दिया गया।

बताया जा रहा है कि 6 मई को पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम आने के दो दिन बाद चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उनकी कार रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें उन्हें सीने और पेट में तीन गोलियां लगी थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी।

जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या में इस्तेमाल कार और बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थीं। टोल प्लाजा पर हुए एक डिजिटल पेमेंट के जरिए जांच एजेंसियां आरोपियों तक पहुंच सकीं।