संघ की शाखा व्यक्ति निर्माण की कार्यशाला: डॉ अनिल मिश्रा

Sangh branch person building workshop: Dr. Anil Mishra

 

अयोध्या। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भरतनगर व बीकापुर द्वारा शाखा संगम भारती इन्टर कॉलेज में आयोजित हुआ।  एक घंटा की शाखा की अवधि की पहले भगवा ध्वज फहराया जाता है। जो हमारे धर्म व संस्कृति का प्रतीक है।

शाखा में ध्वज फहराने के पश्चात सूर्य नमस्कार, योग, व्यायाम, खेल, देशभक्ति गीत होते हैं। इससे लोगों में राष्ट्रप्रेम का भाव जागृत किया जाता है। ताकि सामाजिक परिवर्तन आए। हमारा देश विश्वगुरु बने इस दिशा में सकारात्मक प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रान्त कार्यकारिणी सदस्य / श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ अनिल मिश्रा ने कहा कि कई शाखाओं का एक ही स्थान पर एक परिसर में समागम होना ही शाखा संगम है।

संघ की पहचान शाखा से ही होती है क्योंकि शाखा व्यक्ति निर्माण की एक प्रयोगशाला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को समझना है तो शाखा में जाना पड़ेगा। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए प्रतिदिन शाखा जाना आवश्यक होता है क्योंकि मनुष्य में अंतर्निहित शक्तियों को जगाने का माध्यम शाखा ही है।

शाखा पर होने वाली विभिन्न गतिविधियों से व्यक्ति का सर्वांगीण विकास होता है और सामाजिक समरसता का विकास होता है। देश की वास्तविक उन्नति समरस समाज से ही संभव है,हमें समाज में रहकर अपने विचारों और कर्मों से राष्ट्र की उन्नति में सहयोग करना चाहिए।उन्होंने कहा कि व्यक्ति को आशावादी होकर अपना कर्म दृढ़ प्रतिज्ञ और कर्तव्य निष्ठा के साथ करना चाहिए। व्यक्ति को उसका कर्म ही बदल सकता है।

हमारी शाखा ही हमारा कर्म है और हमारा ध्येय भी। उन्होंने महाभारत,रामायण,रामचरित मानस, वेदों,पुराणों के कई दृष्टांत सुना कर उपस्थित स्वयंसेवकों को तन-मन-धन से समर्पित होकर मातृभूमि की रक्षा हेतु दृढ़ संकल्पित किया।


उन्होंने कहा कि अपने बड़ों को अपमानजनक शब्द बोलना और अपनी आत्म प्रशंसा करना मृत्यु के समान है। ध्येय के प्रति अडिग रहना ही स्वयं सेवकों की पहचान है और सीखने की दृढ़ इच्छाशक्ति व्यक्ति को पूर्ण बनाती है।

उन्होंने उद्बोधन गीत शाखा है गंगा की धारा डुबकी नित्य लगाते हैं का अनुकरण वाचन करा कर उपस्थित स्वयंसेवकों में एक नई ऊर्जा का संचार किया। समापन परिसर में लगी सभी शाखाओं द्वारा एक साथ संघ प्रार्थना के साथ हुआ।


इस अवसर खंड संघचालक राम कुबेर जी,नगर संघचालक महेश गुप्ता, सह जिला कार्यवाह आनंद द्रिवेदी ,जिला प्रचारक सुधांशु, नगर कार्यवाह गौरव, सह नगर कार्यवाह राजेंद्र मोदनवाल ,नगर प्रचारक अभिषेक ,जिला शारीरिक प्रमुख हिमांशु,जिला कार्यकारिणी सदस्य लालदास जी विष्णु गुप्ता,विनीत तिवारी,विकास,विकास तिवारी सहित नगर की सभी शाखाओं के सदस्य मौजूद रहे।