राम मंदिर में बदली दान गिनती व्यवस्था! अब जमीन पर होगी काउंटिंग, डबल सिक्योरिटी चेक और बिना जेब वाली ड्रेस अनिवार्य
अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले के बाद दान गिनती (काउंटिंग) व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सुरक्षा और पारदर्शिता को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से काउंटिंग प्रक्रिया के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं। अब काउंटिंग हॉल में प्रवेश करने वाले कर्मचारियों को दोहरे सुरक्षा जांच (डबल सिक्योरिटी चेक) से गुजरना होगा और निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना अनिवार्य होगा।
नई व्यवस्था के तहत काउंटिंग कार्य अब कुर्सी और मेज पर नहीं, बल्कि जमीन पर बैठकर कराया जाएगा। कर्मचारियों के लिए बिना जेब (पॉकेट) वाली गहरे नीले रंग की वर्दी अनिवार्य की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना को कम किया जा सके।
इसके अलावा काउंटिंग हॉल के भीतर मोबाइल फोन, कैमरा, बैग और अन्य निजी सामान ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। कर्मचारियों को प्रवेश से पहले जूते-चप्पल भी बाहर उतारने होंगे। ट्रस्ट का मानना है कि इन व्यवस्थाओं से दान गिनती प्रक्रिया अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित होगी।
इसी बीच चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में आरोपी अनुकल्प मिश्रा को लेकर भी नए तथ्य सामने आए हैं। जानकारी के अनुसार, उसके नाम पर मंदिर में "व्यवस्था कार्यकर्ता" के रूप में प्रवेश पास जारी किया जाता था। आरोप है कि विशेष आयोजनों के दौरान इसी पास के माध्यम से उसे मंदिर परिसर में प्रवेश मिलता था और वह चढ़ावे की गिनती की प्रक्रिया में भी शामिल होता था।
मामले को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि भगवान के घर में अपराध करने वालों के खिलाफ सबसे कठोर दंड दिया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और ट्रस्ट की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए कई अतिरिक्त कदम उठाए जा रहे हैं।