प्रयागराज के झूंसी में भूमि कब्जे का आरोप! परिवार ने भू-माफियाओं पर लगाया जबरन कब्जे का प्रयास करने का आरोप

प्रयागराज के झूंसी में भूमि कब्जे का आरोप! परिवार ने भू-माफियाओं पर लगाया जबरन कब्जे का प्रयास करने का आरोप
 

प्रयागराज। प्रयागराज के थाना झूंसी क्षेत्र स्थित वार्ड संख्या-52, संगम विहार, हवेलिया झूंसी में भूमि कब्जे को लेकर विवाद सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने उनकी पंजीकृत भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया और मौके पर बोरिंग का कार्य भी शुरू करा दिया।

 

पीड़ित फूलचंद यादव और दारा सिंह, पुत्र स्वर्गीय जगन्नाथ यादव, निवासी बसना, प्रतापपुर (प्रयागराज) के अनुसार, यह भूमि वर्ष 2003 में ज्ञानचंद यादव द्वारा उनके पिता के नाम विधिवत बैनामा की गई थी। पिता के निधन के बाद भूमि का नामांतरण दोनों भाइयों के नाम दर्ज हुआ।

 

परिवार का कहना है कि उन्होंने संबंधित संपत्ति का नगर निगम में हाउस टैक्स जमा कर पंजीकरण भी कराया है और संपत्ति का मकान नंबर 52/2595 दर्ज है। वर्तमान में दोनों भाई व्यवसाय के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं।

 

पीड़ितों के मुताबिक, जब उन्हें सूचना मिली कि उनकी अनुपस्थिति में जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है, तो वे तत्काल प्रयागराज पहुंचे और कार्य रुकवाने का प्रयास किया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दी।

शिकायत मिलने के बाद डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और कथित रूप से चल रहे कार्य को रुकवा दिया। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने विवाद से बचने के लिए संबंधित न्यायालय से स्टे ऑर्डर भी प्राप्त कर लिया है।

पीड़ितों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उनकी वैध संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, इस मामले में दूसरे पक्ष का बयान अभी सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।