‘सही दिशा, सही वक्त’ के मंच से उदयभान करवरिया ने दिखाई ताकत, 101 ब्राह्मणों ने किया शंखनाद
प्रयागराज। विधानसभा चुनाव से पहले प्रयागराज की राजनीति में पूर्व विधायक उदयभान करवरिया की सक्रियता ने हलचल बढ़ा दी है। गुरुवार को उन्होंने करछना क्षेत्र के रामपुर में ‘सही दिशा, सही वक्त’ नाम से एक कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ 101 ब्राह्मणों के शंखनाद के साथ हुआ।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उदयभान करवरिया तलवार और फरसा लेकर अपने आवास से समर्थकों के काफिले के साथ निकले। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। आयोजन स्थल पर हजारों लोगों के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। समर्थकों के वाहनों के लंबे काफिले के चलते प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि करीब 10 साल जेल में रहने और पत्नी के निधन के बाद उदयभान करवरिया एक बार फिर सार्वजनिक रूप से अपने समर्थकों के बीच सक्रिय नजर आ रहे हैं। उनके बेटे की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम को उन्होंने संवाद का मंच बताया है। हालांकि, आगामी विधानसभा चुनाव से पहले उनकी इस सक्रियता और समर्थकों की जुटान को राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।
रामपुर करछना में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए उदयभान करवरिया ने अपनी राजनीतिक मौजूदगी का एहसास कराने की कोशिश की है। अब इस आयोजन के बाद प्रयागराज की सियासत में उनकी अगली भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।