अलर्ट मोड पर ट्रैफिक पुलिस! हेलमेट-सीट बेल्ट जांच तेज, हाईवे कट बंद करने के आदेश

अलर्ट मोड पर ट्रैफिक पुलिस हेलमेट-सीट बेल्ट जांच तेज, हाईवे कट बंद करने के आदेश

 
मंडलीय सड़क सुरक्षा बैठक में सख्ती के निर्देश

प्रयागराज।  प्रयागराज मंडल में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को गांधी सभागार में अपर आयुक्त रत्नप्रिया की अध्यक्षता में मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं को और कम करने के लिए कई अहम निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि मंडल में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है, लेकिन कौशांबी जनपद में बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई गई। अपर आयुक्त ने रोड इंजीनियरिंग सुधार और प्रवर्तन कार्रवाई को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को हाईवे पर बने अनावश्यक कट बंद करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण सड़कों के हाईवे से जुड़ने वाले स्थानों पर झाड़ियों की सफाई, स्पीड ब्रेकर और साइनेज लगाने पर जोर दिया गया।

अपर आयुक्त ने फतेहपुर और प्रयागराज में चल रहे ZFF (Zero Fatality Framework) कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ‘सड़क सुरक्षा मित्र’ और ‘राहवीर योजना’ के प्रचार-प्रसार को भी बढ़ाने को कहा गया।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि शहरी क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नगर निगम द्वारा और ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर लाइट के माध्यम से सुनिश्चित की जाए।

यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा गया कि हेलमेट और सीट बेल्ट न लगाने वालों, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने, मोबाइल का प्रयोग करने और नशे में ड्राइविंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

बैठक में परिवहन विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और NHAI के अधिकारियों के साथ-साथ सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।