Prayagraj News: बालू कारोबारी की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव

 

प्रयागराज। यमुनापार क्षेत्र के घूरपुर थाना अंतर्गत भीटा गांव में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक बालू कारोबारी का शव सड़क किनारे मिला। मृतक की पहचान राजेश प्रजापति (32) पुत्र गमलाल प्रजापति, निवासी भीटा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सिर पर पत्थर से कई वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब पांच बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीणों ने गांव से लगभग 100 मीटर दूर सड़क किनारे एक शव पड़ा देखा। पास जाकर पहचान करने पर मृतक राजेश प्रजापति निकले। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलने पर घूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

ग्रामीणों के अनुसार राजेश प्रजापति का स्वभाव मिलनसार था और उनकी किसी से खुली रंजिश की जानकारी नहीं है। हालांकि पुलिस व्यक्तिगत विवाद, कारोबारी प्रतिस्पर्धा तथा अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए जांच जारी है। मामले का खुलासा जल्द किए जाने का दावा किया गया है।