Prayagraj News: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में वृक्षारोपण, गंगा और पर्यावरण समितियों की बैठक, अधिकारियों को दिए अहम निर्देश
प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संगम सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति और जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में वृक्षारोपण अभियान, गंगा संरक्षण, पर्यावरण सुधार और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने वर्ष 2026 के वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को पौधरोपण के लिए स्थल चयन, गड्ढों की खुदाई और कार्य योजना की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों द्वारा अधिक पौधरोपण किया जाना है, वे पहले से ही वन विभाग को पौधों की मांग भेज दें।
गंगा और सहायक नदियों पर निर्माण से पहले अनुमति जरूरी
जिला गंगा समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गंगा नदी और उसकी सहायक नदियों या बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का स्थायी या अस्थायी निर्माण कार्य करने से पहले राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी, सेतु निगम, एनएचआई और अन्य विभागों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले जिला गंगा समिति के माध्यम से प्रस्ताव भेजकर अनुमति प्राप्त करें। साथ ही नालों की टैपिंग का कार्य तेजी से कराने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी नाले का पानी सीधे गंगा में न गिरे।
पर्यावरण और वायु गुणवत्ता सुधार पर जोर
जिला पर्यावरण समिति की बैठक में वायु गुणवत्ता सुधार, हरित क्षेत्र विस्तार और प्रदूषण नियंत्रण योजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निगम, पुलिस विभाग और उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा प्रतिबंधित चाइनीज और नायलॉन मांझा के खिलाफ की गई कार्रवाई की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने नियमित छापेमारी और जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अरविंद कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।