Prayagraj News: मेयर गणेश केसरवानी साइकिल से पहुंचे नगर निगम कार्यालय, दिया ईंधन बचाने का संदेश
नगर निगम कार्यालय पहुंचने के बाद मेयर गणेश केसरवानी ने कहा कि डीजल और पेट्रोल की बचत आज समय की बड़ी जरूरत बन गई है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा और स्थानीय उत्पादों के इस्तेमाल को अपनाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य तैयार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को लेकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। ऐसे में समाज के हर वर्ग को आगे आकर ईंधन की बचत और प्रदूषण कम करने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।
मेयर के साइकिल से नगर निगम पहुंचने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं। लोगों ने उनकी इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।
प्रयागराज में इस पहल को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधि खुद इस तरह की पहल करेंगे तो आम जनता भी इससे प्रेरित होगी।