Prayagraj News: झूंसी में दिनदहाड़े हिस्ट्रीशीटर ने की फायरिंग, इलाके में दहशत

 

प्रयागराज (झूंसी)। जनपद के झूंसी क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय अफरातफरी मच गई जब एक हिस्ट्रीशीटर ने दिनदहाड़े असलहा लहराते हुए फायरिंग कर दी। यह घटना लाल चौक के पास करीब दोपहर 12 बजे के आसपास हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

विवाद के बाद भड़की हिंसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो पहले गाली-गलौज और फिर मारपीट में बदल गया। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे आरोपी ने असलहा निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग होते ही मौके पर भगदड़ मच गई। दुकानदारों ने तत्काल अपने-अपने शटर गिरा दिए, जबकि बाजार में मौजूद लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान और उसके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

आरोपी की पहचान और तहरीर

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान जेलर उर्फ मानवेंद्र निवासी सरायइनायत के रूप में हुई है। उसका झूंसी के ही पवन गोस्वामी से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में पीड़ित पक्ष द्वारा थाने में तहरीर दी गई है।

झूंसी थाना प्रभारी महेश मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।