Prayagraj News: 41 साल की महिला ने शादी के लिए पुलिस से लगाई गुहार, परिवार पर लगाए गंभीर आरोप

प्रयागराज में 41 साल की महिला ने शादी न कराने का आरोप लगाते हुए परिवार के खिलाफ सराय इनायत थाने में तहरीर दी। पुलिस से मदद की गुहार।
 
 प्रयागराज। जिले के सराय इनायत थाना क्षेत्र से एक अनोखा और भावुक मामला सामने आया है, जहां 41 वर्षीय एक महिला ने अपनी शादी न होने को लेकर परिवार के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। महिला ने पुलिस से अपील की है कि उसकी शादी कराई जाए, ताकि वह सम्मानपूर्वक जीवन जी सके।

जानकारी के अनुसार, मनापुर उर्फ बगईकला गांव की रहने वाली माधुरी पटेल ने आरोप लगाया है कि उसके माता-पिता, भाई और भाभी जानबूझकर उसकी शादी नहीं होने दे रहे हैं। उसने बताया कि जब भी कोई रिश्ता आता है, परिवार के लोग पैसे खर्च होने का हवाला देकर मना कर देते हैं।

महिला का कहना है कि पिछले करीब 20 वर्षों से वह अकेले रह रही है। उसने आरोप लगाया कि परिवार के सदस्यों ने उसे घर से अलग कर दिया है और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट भी की जाती है।

माधुरी पटेल ने अपनी तहरीर में पिता रामराज पटेल, माता बिमला देवी, भाई राजेन्द्र पटेल, भाभी पूनम पटेल और बहन विद्या पटेल पर मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।

महिला ने यह भी कहा कि उसने कभी शादी से इनकार नहीं किया, लेकिन उसके परिवार ने हमेशा उसे ही दोषी ठहराया। उसने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसकी शादी किसी योग्य युवक से कराई जाए।

आर्थिक स्थिति को लेकर भी महिला ने बताया कि वह अपने दम पर जीवनयापन कर रही है। वह कभी स्कूल में पढ़ाकर, तो कभी कपड़ों की दुकान और ब्यूटी पार्लर में काम कर अपनी जरूरतें पूरी कर रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।