प्रयागराज के छतनाग रोड पर 3 किलोमीटर तक सजा दशहरा मेला, भव्य झांकियों और रोशनी ने बांधा समां

दीपावली के पांचवें दिन निकलीं आकर्षक चौकियां, सुबह पांच बजे तक जारी रहा मेले का उत्सव; सुरक्षा के लिए तैनात रहा पुलिस बल
 

 प्रयागराज। झूंसी के छतनाग वार्ड संख्या 45 में छतनाग रोड पर आयोजित पारंपरिक दशहरा मेला शुक्रवार तड़के तक उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। 13 नवंबर को दीपावली के पांचवें दिन आयोजित इस मेले में करीब तीन किलोमीटर तक रंग-बिरंगी रोशनी, सजी हुई बल्लियां और आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। मेले में आसपास के क्षेत्रों के साथ दूर-दराज से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

मेले की शुरुआत छतनाग मिलन चौराहे से भव्य झांकियों के निकलने के साथ हुई। विभिन्न चौकियों को आकर्षक लाइटों और सजावट से तैयार किया गया था। रास्ते में बनाए गए अलग-अलग मंचों पर चौकियां रुकती रहीं और कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया। पहली चौकी वार्ड संख्या 45 के पार्षद शिवनारायण यादव, घुन्नू और अशोक यादव नेताजी की ओर से निकाली गई। मिलन चौराहे पर बने कमेटी के मंच पर इस चौकी ने काफी देर तक अपनी कलात्मक प्रस्तुति दी।

इसके बाद एक-एक कर अन्य चौकियां भी मेले में शामिल हुईं। हर मंच पर झांकियों का स्वागत किया गया और उनके प्रदर्शन को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटती रही। लाइव भारत न्यूज के वरिष्ठ संवाददाता सूरज प्रसाद की ओर से तैयार किए गए रामदल चौकी सम्मान मंच पर भी विभिन्न चौकियों का स्वागत किया गया। इस दौरान मंच पर मौजूद क्षेत्रीय पार्षद शिवनारायण यादव का भी जोरदार स्वागत किया गया।
 

भीड़ के बीच बच्चों के बिछड़ने की सूचना
 

मेले में भारी भीड़ के चलते कुछ बच्चे अपने परिजनों से बिछड़ गए। इसकी जानकारी मिलने पर प्रशासन और चौकी कमेटी की ओर से मंच से लगातार अनाउंसमेंट कराया गया, ताकि बच्चों को उनके परिवार तक पहुंचाया जा सके। मेले की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।
 

साउंड कंपनियों के बीच मुकाबले ने बढ़ाया उत्साह
 

मिलन चौराहे पर दो साउंड कंपनियों के बीच जोरदार मुकाबला भी आकर्षण का केंद्र रहा। इसे देखने और सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। झांकियों, रोशनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच मेले का सिलसिला रातभर चलता रहा और शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे तक आयोजन जारी रहा। इसके साथ ही छतनाग रोड का दशहरा मेला संपन्न हो गया।