झूंसी के छतनाग घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

 

प्रयागराज। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर रविवार को झूंसी के छतनाग घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। वार्ड संख्या 45 स्थित छतनाग घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार के साथ पहुंचे।

ढोल-नगाड़ों की गूंज और छठी मैया के पारंपरिक गीतों के बीच व्रती महिलाओं और पुरुषों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

छठ पर्व को लेकर घाट पर सुबह से ही तैयारियां दिखाई देने लगी थीं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। घाट पर पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे पूजा के दौरान व्यवस्था बनी रहे। साफ-सफाई, रोशनी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की गई थी। श्रद्धालुओं के लिए भक्ति संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिससे पूरा घाट छठमय नजर आया।

वार्ड 45 के पार्षद शिवनारायण यादव घुन्नू की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी घाट पर व्यवस्थाएं कराई गई थीं। आयोजन में सामाजिक सहयोगी एवं पत्रकार प्रीतम सिंह का भी योगदान रहा। स्थानीय स्तर पर लोगों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान सहूलियत मिली।

इस अवसर पर प्रयागराज के महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी भी छतनाग घाट पहुंचे। मंच पर पहुंचने पर पार्षद शिवनारायण यादव, अशोक यादव नेताजी और वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया।

महापौर ने पार्षद के साथ श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने Live Bharat News के माध्यम से भी पर्व की बधाई देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

छतनाग घाट पर उमड़ी भीड़, पारंपरिक गीतों और पूजा के माहौल ने लोक आस्था के इस पर्व की भव्यता को एक बार फिर प्रदर्शित किया। घाट पर देर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।