लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रयागराज में मचा अलर्ट! कोचिंग सेंटरों की जांच में सामने आई सुरक्षा की बड़ी चूक

 

प्रयागराज। लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रयागराज में अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा मानकों को लेकर विशेष अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को कर्नलगंज क्षेत्र के कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरी और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में फायर सेफ्टी ऑडिट किया गया, जिसमें कई जगह गंभीर कमियां सामने आईं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अग्निशमन उपकरणों, स्मोक डिटेक्टर, फायर अलार्म सिस्टम और आपातकालीन निकास व्यवस्थाओं की जांच की। कई संस्थानों में सुरक्षा उपकरण या तो बंद हालत में मिले या फिर निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।

जांच अभियान की शुरुआत इंडियन प्रेस चौराहे के समीप स्थित संदेश अकादमी से की गई। यहां लगाए गए स्मोक डिटेक्टर और फायर अलार्म सिस्टम निष्क्रिय पाए गए। टीम ने पाया कि किसी भी आपात स्थिति में छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह तैयार नहीं थीं।

अधिकारियों ने यह भी पाया कि कई जरूरी फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं किया गया था। भवन में अलग प्रवेश और निकास मार्ग, पर्याप्त जल भंडारण, होज रील, अग्निशमन यंत्र और इमरजेंसी लाइटिंग जैसी व्यवस्थाओं में खामियां मिलीं।

अग्निशमन विभाग ने संबंधित संस्थानों के संचालकों को तत्काल कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह के निरीक्षण जारी रहेंगे।

प्रशासन का मानना है कि नियमित जांच और सख्ती से शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा मानकों का बेहतर पालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।