प्रयागराज में डंपर ने स्कूटी सवार युवक को मारी टक्कर मौक़े पर हुई मौत
प्रयागराज। शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक प्रयागराज से अपने घर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। यमुनापार के जारी क्षेत्र में शनिवार सुबह लगभग 8 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय अग्रहरि (25) पुत्र विनय अग्रहरि निवासी बघेडी, थाना चाकघाट, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि विजय अग्रहरि प्रयागराज से स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जारी क्षेत्र के गड़ैया के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हादसे में शामिल डंपर को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है।