इंस्टाग्राम पर पत्नी को नहीं पहचान पाया पति, दूसरी शादी का दिया प्रपोजल, मंदिर में खुला पूरा राज
Prayagraj के दारागंज क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति अपनी ही पत्नी को इंस्टाग्राम पर पहचान नहीं पाया और उससे दूसरी शादी करने की बात तक कर डाली। मामला उस समय खुला जब दोनों की मुलाकात नागवासुकि मंदिर के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, नवाबगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला की शादी करीब नौ वर्ष पहले Pratapgarh निवासी युवक से हुई थी। महिला का आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर वह पिछले चार वर्षों से मायके में रह रही है। उसकी एक पांच वर्षीय बेटी भी है।
महिला ने बताया कि उसने हाल ही में इंस्टाग्राम पर नई आईडी बनाई थी। इसी दौरान उसका पति उस आईडी से जुड़ गया, लेकिन वह अपनी पत्नी को पहचान नहीं सका। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी पति ने महिला को दूसरी युवती समझते हुए शादी का प्रस्ताव तक दे दिया।
पीड़िता के मुताबिक, पति लगातार होटल में मिलने का दबाव बना रहा था। हालांकि महिला ने होटल में मिलने से इनकार कर दिया और बाद में मंदिर में मिलने के लिए हामी भर दी। शनिवार दोपहर करीब दो बजे दारागंज स्थित नागवासुकि मंदिर में मिलने का समय तय हुआ।
बताया गया कि महिला चेहरे पर दुपट्टा और आंखों पर चश्मा लगाकर वहां पहुंची थी। पति अपने एक दोस्त के साथ मंदिर पहुंचा, जबकि महिला अपने परिजनों के साथ पहले से मौजूद थी। कुछ देर बातचीत के बाद महिला ने अपनी पहचान उजागर कर दी।
पत्नी को पहचानते ही पति आगबबूला हो गया और मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने पत्नी और उसके परिजनों के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया और पुलिस को सूचना दी।
Nagvasuki Temple के पास हुए इस पूरे घटनाक्रम के बाद दारागंज थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर मिश्र ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।