दीपक पटेल के जन्मोत्सव में उमड़ा जनसैलाब, सुंदरकांड के बाद हुई भजन संध्या
प्रयागराज। फूलपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक दीपक पटेल का जन्मदिन गुरुवार को झूंसी स्थित पैराडाइज गार्डन में धूमधाम से मनाया गया। जन्मोत्सव कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग, युवा और महिलाएं शामिल हुईं। समर्थकों ने विधायक को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर दो बजे सुंदरकांड पाठ से हुई। इसके बाद शाम छह बजे विधायक दीपक पटेल ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच केक काटकर जन्मदिन मनाया। केक कटिंग के बाद आयोजित भजन संध्या में देर तक भक्तिमय माहौल बना रहा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विधायक को फूल-मालाएं पहनाकर और शुभकामनाएं देकर उनका स्वागत किया।
जन्मोत्सव समारोह में भाजपा काशी क्षेत्र की क्षेत्रीय महामंत्री कविता पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रभाशंकर पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष अश्वनी दुबे, पूर्व विधायक प्रशांत सिंह, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, ब्लॉक प्रमुख अरुणेंद्र यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी पहुंचे।
इसके अलावा गंगा पार प्रयागराज जिले के पदाधिकारी, पांचों मंडलों के अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए। झूंसी मंडल अध्यक्ष रोहित कुमार निषाद सहित मंडल पदाधिकारियों ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।
महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष आरती अग्रवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने विधायक दीपक पटेल को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके राजनीतिक और सामाजिक जीवन में निरंतर सफलता की कामना की।
आयोजकों ने बताया कि जन्मोत्सव कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा क्षेत्रीय जनता की भी बड़ी भागीदारी रही। सुंदरकांड पाठ, केक कटिंग और भजन संध्या के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।