स्नातक एमएलसी चुनाव: मंडलायुक्त ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

 

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया को सुचारु, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने ज्वाला देवी इंटर कॉलेज, सेंट एंथोनीज गर्ल्स इंटर कॉलेज और कर्नलगंज इंटर कॉलेज सहित अन्य मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली और तैनात अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों से निर्वाचन संबंधी तैयारियों के बारे में पूछताछ की।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि मतदान के लिए आने वाले मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। मतदान केंद्रों पर निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को मतदान कक्ष में प्रवेश की अनुमति न दी जाए। इसके साथ ही मतदान कक्ष में मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध का प्रभावी ढंग से अनुपालन कराने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और मानक संचालन प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन कराया जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके। मंडलायुक्त ने मतदान केंद्रों पर तैनात अधिकारियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।