प्रयागराज मंडल में उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
प्रयागराज मंडल में उद्योगों को बढ़ावा देने पर जोर, उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
प्रयागराज। प्रयागराज मंडल में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में मंडलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक गांधी सभागार में आयोजित हुई, जिसमें उद्यमियों की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण और निवेश को प्रोत्साहित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए और जिला उद्योग बंधु की बैठकें नियमित रूप से आयोजित की जाएं। उन्होंने फतेहपुर में उद्योग बंधु की बैठक समय पर न होने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल बैठक कराने के निर्देश दिए।
रोजगारपरक योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि सभी विभाग अपने लक्ष्यों के अनुरूप 100 प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके।
ऋण योजनाओं की प्रगति पर संतोष जताते हुए बताया गया कि ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के तहत 115 प्रतिशत ऋण वितरण किया गया, जबकि ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ में 95.13 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया।
निवेश प्रक्रिया को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। ‘निवेश मित्र पोर्टल’ पर लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए यूपी सीडा अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया। मंडलायुक्त ने कहा कि निवेशकों का विश्वास बनाए रखने के लिए पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया बेहद जरूरी है।
इसके अलावा नैनी औद्योगिक क्षेत्र में लंबित विद्युत पोल शिफ्टिंग कार्य पर नाराजगी जताते हुए मुख्य विकास अधिकारी को स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उद्यमियों ने व्यापार करने में आसानी (Ease of Doing Business) को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए, जिस पर मंडलायुक्त ने उन्हें लिखित रूप में प्रस्ताव देने को कहा।
इस दौरान संयुक्त आयुक्त उद्योग अजय कुमार चौरसिया, एलडीएम, उद्योग समिति के सदस्य मुरारी लाल अग्रवाल, नटवर लाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।