बालिका शिक्षा और सशक्तीकरण पर दिया जोर, छात्राओं को किया प्रेरित
प्रयागराज। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर अमृत एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से मिशन शक्ति के अंतर्गत गयादीन विश्वकर्मा इंटरमीडिएट कॉलेज, भिदिउरा, थरवई में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘सशक्त बेटियां, सशक्त राष्ट्र’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व विकास पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि शिक्षाविद् एवं समाजसेविका डॉ. अंकिता राज ने कहा कि एक शिक्षित और जागरूक बेटी न केवल परिवार, बल्कि पूरे राष्ट्र का आधारस्तंभ होती है। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा के साथ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनमें आत्मविश्वास व नेतृत्व क्षमता विकसित करना सामाजिक प्रगति के लिए आवश्यक है। उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक सशक्तीकरण को भी महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्ट के अमृत ग्रीन प्रयागराज मिशन के तहत पौधरोपण के साथ हुआ। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कृषि विभाग की उपनिदेशक शिप्रा विश्वकर्मा और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान केंद्र की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पुनीता पांडेय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट की ओर से आयोजित जनपद स्तरीय विद्या प्रतिभा स्पर्धा परीक्षा के चतुर्थ संस्करण का शुभारंभ किया गया। इस परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचानना, शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना और उनकी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना है। विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन भी किया।
विशिष्ट अतिथि शिप्रा विश्वकर्मा ने कहा कि बालिकाओं में शिक्षा के साथ निर्णय लेने की क्षमता, आत्मसम्मान और सामाजिक चुनौतियों का सामना करने का साहस विकसित करना जरूरी है। वहीं, डॉ. पुनीता पांडेय ने बालिका शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बताते हुए उन्हें नेतृत्व के अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर बल दिया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष तीर्थराज विश्वकर्मा ने बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सामाजिक संस्थाओं की भूमिका को रेखांकित किया।
इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं को प्रेरणादायक पुस्तिकाएं वितरित की गईं। इनमें सावित्रीबाई फुले, रमाबाई आंबेडकर और महादेवी वर्मा सहित प्रेरणादायक महिलाओं के जीवन, संघर्ष और योगदान का उल्लेख किया गया है। पुस्तिकाओं के माध्यम से छात्राओं को शिक्षा के महत्व को समझने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार ने अतिथियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से जुड़े राममूरत विश्वकर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।