प्रयागराज में तीन करोड़ की नशीली दवाएं बरामद, किराए के कमरे में चल रहा था अवैध कारोबार

11 हजार से अधिक कोडीनयुक्त कफ सिरप, इंजेक्शन, कैप्सूल और टैबलेट जब्त, आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार
 

प्रयागराज। अतरसुइया थाना क्षेत्र के कल्याणी देवी स्थित गुजराती मोहल्ले में पुलिस ने नशीली दवाओं के कथित अवैध कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, एक मकान के कमरे को गोदाम के रूप में इस्तेमाल कर बड़ी मात्रा में नशीली दवाओं का भंडारण किया गया था। छापेमारी के दौरान करीब तीन करोड़ रुपये कीमत की नशीली दवाएं और कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, मौके से 11,037 शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप, 11,825 इंजेक्शन, 35,520 कैप्सूल और 1,61,400 टैबलेट बरामद की गई हैं। कार्रवाई के दौरान कथित आरोपी अरुणी सहगल पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

डीसीपी सागर जैन ने बताया कि सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि कल्याणी देवी क्षेत्र स्थित एक मकान में बड़ी मात्रा में नशीली दवाओं का अवैध रूप से भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर एसीपी अतरसुइया राम सिंह और थाना प्रभारी विवेक राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने औषधि विभाग के निरीक्षक सुनील कुमार रावत के साथ मौके पर छापेमारी की।

पुलिस ने बरामद दवाओं को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में दवाएं कहां से लाई गई थीं और इनके अवैध कारोबार से कौन-कौन लोग जुड़े हैं।