नाले में मिला लापता 17 वर्षीय युवक का शव, परिजनों ने कपड़ों से की पहचान

 

प्रयागराज। झूंसी थाना क्षेत्र के पुरानी झूंसी निवासी 17 वर्षीय शांतनु दुबे का शव मंगलवार सुबह सोडम आश्रम के पास नाले में मिला। वह सोमवार शाम से लापता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों के अनुसार, शांतनु सोमवार रात करीब 9 बजे अपने घर से निकला था। रात करीब 9:15 बजे उसके मोबाइल पर उसके मित्र का फोन आया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। रात करीब एक बजे परिजनों ने उसके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिजन और उसके मित्र उसकी तलाश में जुट गए। जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

मंगलवार सुबह सोडम आश्रम के पास नाले में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। पिता दीपक दुबे ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान शांतनु के रूप में की। उसकी स्कूटी नाले के ऊपर बने कंक्रीट रास्ते पर खड़ी मिली।

परिजनों ने मामले में पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद की आशंका जताई है। पिता के अनुसार करीब तीन महीने पहले उज्ज्वल सेनगुप्ता, दिव्यांश निषाद और छोटू के साथ मारपीट तथा करीब 15 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इस संबंध में पुलिस को लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।