प्रयागराज में भाजपा के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का समापन, डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने भरी हुंकार

प्रयागराज के गंगापार क्षेत्र में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का समापन डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने किया। कार्यक्रम में 2027 चुनाव की रणनीति और सरकार की योजनाओं पर चर्चा हुई।
 
 प्रयागराज। गंगापार क्षेत्र के झूंसी वार्ड-45 छतनाग में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण महाअभियान कार्यक्रम का रविवार को भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का स्वागत भाजपा अनुसूचित मोर्चा गंगापार के जिला महामंत्री सूरज कुमार पासी के आवास पर किया गया। वहां वार्ड 45 के पार्षद शिवनारायण यादव ‘घुन्नू’, अशोक यादव, राजकुमार यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों और महिलाओं ने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया।

मंच पर गंगापार भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान ने उपमुख्यमंत्री को त्रिशूल भेंट कर स्वागत किया, जबकि पार्षद शिवनारायण यादव ‘घुन्नू’ ने गदा भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद रही।

अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव और पंचायत चुनाव की तैयारियों पर जोर दिया। उन्होंने भाजपा सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गिनाते हुए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के दम पर ही संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और आगामी चुनावों में पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग में शामिल कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा और जनसेवा के लिए सक्रिय रहने का संदेश दिया।

इस अवसर पर फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल, फूलपुर विधायक दीपक पटेल, प्रयागराज महापौर उमेश चंद्र, गणेश केसरवानी, क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य राजकुमार यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष निर्मला पासवान, सूरज कुमार पासी सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।