प्रयागराज में विकास की नई गाथा! सीएम योगी बोले- मां गंगा की धारा की तरह निरंतर बढ़ रही विकास यात्रा
प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रयागराज नगर निगम के नवनिर्मित सदन हॉल और विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम में प्रदेश की विकास यात्रा को “मां गंगा की अविरल धारा” से जोड़ते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास का पहिया कहीं रुका नहीं है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार “चरैवेति-चरैवेति” के मंत्र के साथ प्रदेश को निरंतर आगे बढ़ा रही है और प्रयागराज आज सांस्कृतिक गौरव, आध्यात्मिक चेतना और आधुनिक विकास का संगम बन चुका है।
“प्रयागराज अब भय और माफियागिरी से मुक्त”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रयागराज में भय, अराजकता, माफियागिरी और अव्यवस्था का माहौल था, लेकिन आज शहर पूरी तरह बदल चुका है। उन्होंने कहा कि अब बेटियां, व्यापारी और आम नागरिक बिना डर के कहीं भी आ-जा सकते हैं।
उन्होंने सख्त संदेश देते हुए कहा कि यदि कोई महिलाओं या बेटियों के खिलाफ अपराध करेगा तो उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
कुंभ और महाकुंभ ने दिलाई वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 के कुंभ और महाकुंभ-2025 ने प्रयागराज को वैश्विक पहचान दिलाई है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित कुंभ को यूनेस्को द्वारा “मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर” का दर्जा मिला, जो भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि महाकुंभ के लिए विकसित की गई सुविधाएं यदि सही तरीके से संरक्षित की जाएं तो आने वाले वर्षों तक प्रयागराज की स्थायी धरोहर बन सकती हैं।
नगर निगम की परियोजनाओं की सराहना
सीएम योगी ने नगर निगम और महापौर द्वारा कराए गए विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि विरासत और आधुनिकता को जोड़ने का कार्य प्रयागराज में प्रभावी ढंग से किया गया है।
उन्होंने कहा कि 161 वर्ष पुरानी नगर निगम इमारत को भव्य स्वरूप दिया गया है और पार्षदों के लिए आधुनिक सदन हॉल तैयार किया गया है। नगर निगम करीब 400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है।
“वेस्ट टू वेल्थ” मॉडल बना आकर्षण
मुख्यमंत्री ने शिवालिक पार्क का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह “वेस्ट टू वेल्थ” का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने बताया कि 400 टन वेस्ट मटेरियल से द्वादश ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियां बनाई गई हैं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
अक्षयवट और भारद्वाज आश्रम का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले अक्षयवट आम श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध नहीं था, लेकिन अब श्रद्धालु वहां दर्शन कर सकते हैं। उन्होंने महर्षि भारद्वाज आश्रम को अतिक्रमण मुक्त कर भव्य स्वरूप देने का भी उल्लेख किया।
उन्होंने महर्षि भारद्वाज को “दुनिया का पहला कुलपति” बताते हुए कहा कि प्रयागराज अपनी सांस्कृतिक पहचान को फिर से प्राप्त कर रहा है।
गंगा एक्सप्रेसवे से दिल्ली का सफर होगा आसान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए प्रयागराज से दिल्ली की दूरी अब लगभग सात घंटे में तय की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि विश्वस्तरीय तकनीक से तैयार यह एक्सप्रेसवे प्रदेश की बड़ी उपलब्धि है।
इसके अलावा लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत से गंगा नदी पर फोर-लेन पुल का निर्माण और फाफामऊ पुल परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है।
सफाई मित्रों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सफाई मित्रों को किट वितरित कर सम्मानित किया। किट में कैप, ग्लव्स, बूट, मास्क और कोट शामिल थे। इसके साथ ही उन्होंने सफाई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नगर निगम की पुस्तक और वेबसाइट का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने प्रयागराज नगर निगम के तीन वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक का विमोचन किया तथा प्रयागराज मेला प्राधिकरण की नई वेबसाइट का भी शुभारंभ किया।
मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने भी की सराहना
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में हुए विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की सराहना की।