प्रयागराज में 8 साल की मासूम की बेरहमी से हत्या, मां-बेटे ने हंसिया से रेता गला

चचेरे भाई पर आपत्तिजनक वीडियो दिखाने का आरोप, राज खुलने के डर से की गई हत्या; पांच लोग हिरासत में

 
 

प्रयागराज। प्रयागराज के औद्योगिक थाना क्षेत्र के व्योहरा गांव में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां 8 साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोप है कि चचेरे भाई और उसकी मां ने मिलकर बच्ची का हंसिया से गला रेत दिया और पेट व सीने पर कई वार किए। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।

मृतक बच्ची जान्हवी कक्षा दो की छात्रा थी। सोमवार शाम वह घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गई। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रात करीब 12 बजे चचेरे भाई ने परिवार को सूचना दी कि बच्ची का शव उसके घर के भूसे वाले कमरे में पड़ा है।

मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा कि बच्ची खून से लथपथ पड़ी थी। उसके गले पर गहरे जख्म थे और शरीर पर कई वार किए गए थे। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि बच्ची को उसका चचेरा भाई अपने घर ले गया था, जहां वह उसे आपत्तिजनक वीडियो दिखा रहा था। इसी दौरान आरोपी की मां मौके पर पहुंच गई। बच्ची कहीं इस बात का खुलासा न कर दे, इस डर से मां-बेटे ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।

घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बच्ची के दादा-दादी समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

मृतका की दादी ने आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग करते हुए कहा कि “जिस तरह हमारी बच्ची तड़प-तड़प कर मरी है, वैसे ही दोषियों को भी सजा मिलनी चाहिए।”