प्रयागराज में 26 वर्षीय महिला की गला रेतकर हत्या, किराए के कमरे में खून से लथपथ मिला शव

 

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गुरुवार को एक 26 वर्षीय महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। सरायइनायत थाना क्षेत्र के हनुमानगंज में महिला का शव उसके किराए के कमरे के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला।

प्रथम दृष्टया महिला की गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के समय महिला घर में अकेली थी।

महिला की पहचान उषा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जौनपुर की रहने वाली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, घटना के वक्त उषा घर में अकेली थी। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे उसकी चार वर्षीय बेटी स्वीटी के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे।

पड़ोसियों ने कमरे के अंदर उषा को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

उषा और उसका पति दिनेश कुमार 11 अगस्त से कोटवां रोड स्थित जैतपुर गांव निवासी अनिल स्वर्णकार के घर की दूसरी मंजिल पर किराए का कमरा लेकर रह रहे थे।

उषा मूल रूप से जौनपुर की रहने वाली थी, जबकि उसका पति दिनेश कुमार प्रयागराज के उतरांव का रहने वाला बताया गया है। दिनेश मुंबई में ऑटो रिक्शा चलाता था।

करीब पांच वर्ष पहले मुंबई में ही उसकी मुलाकात उषा से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हुआ और बाद में उन्होंने लव मैरिज कर ली थी।दोनों की चार साल की बेटी स्वीटी है।

पुलिस के अनुसार, महिला के गले पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में मामला गला रेतकर हत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि हत्या में किस हथियार का इस्तेमाल किया गया और महिला की मौत की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। जांच टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय महिला के घर के आसपास कौन-कौन लोग मौजूद थे और संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां क्या थीं।

पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हत्या के कारण और वारदात में शामिल व्यक्ति की पहचान को लेकर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हत्या की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।