जायसवाल क्लब की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में समाजहित के कई प्रस्ताव पारित
कुशीनगर। जायसवाल क्लब उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक मंगलवार को कुशीनगर में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं संस्थापक मनोज जायसवाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्यों ने समाज के शैक्षिक, सामाजिक और आर्थिक विकास से जुड़े विषयों पर मंथन किया।
बैठक का शुभारंभ मनोज जायसवाल और पड़रौना विधायक मनीष जायसवाल ने भगवान सहस्त्रार्जुन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने कहा कि जायसवाल क्लब का उद्देश्य समाज में एकता, शिक्षा और स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षित, संगठित और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संगठन लगातार प्रयास करेगा।
प्रदेश कमेटी का तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद कोर कमेटी के निर्णय पर नंदलाल जायसवाल को उत्तर प्रदेश का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में संगठन को सक्रिय और मजबूत किया जाएगा। प्रदेश एवं जिला कमेटियों के गठन के साथ जिन जिलों में कार्यकारिणी का गठन लंबित है, उसे 30 नवंबर तक पूरा कर राष्ट्रीय नेतृत्व को सूची सौंपने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में युवाओं को व्यापार, उद्योग और रोजगार से जोड़ने के लिए दिसंबर में युवा उद्यमी सम्मेलन आयोजित करने, महिला विंग को सक्रिय कर स्वरोजगार प्रशिक्षण शिविर लगाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा दहेज प्रथा और नशाखोरी जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने तथा सामूहिक विवाह को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी।
बैठक में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जायसवाल समाज की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश स्तर पर अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। इस दौरान नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नंदलाल जायसवाल का माला, बुके और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में केशव शिवहरे, हृदय नारायण जायसवाल, हीरा लाल जायसवाल, हेमंत जायसवाल, रमेश जायसवाल हाइडल, बीनू जायसवाल, संजय जायसवाल, सत्य प्रकाश जायसवाल, रेनू जायसवाल, महेंद्र जायसवाल, राजन जायसवाल, सीमा जायसवाल, जेपी जायसवाल, प्रमोद जायसवाल और सुबोध जायसवाल समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।