‘Work Smart Not Hard’ का कैप्शन, लग्जरी लाइफ का शौक! सोना लूटकांड में घिरा ‘सिपाही विनय'        

सोना लूटकांड में सिपाही विनय शंकर की सोशल मीडिया प्रोफाइल चर्चा में, ‘विक्टर विनय’ नाम से दिखाता था लग्जरी लाइफस्टाइल
 

लखनऊ। दिल्ली के सराफा कारोबारी से सोना लूटने के मामले में जांच के दायरे में आए जौनपुर के लाइन बाजार थाने में तैनात सिपाही विनय शंकर की सोशल मीडिया गतिविधियां भी चर्चा में हैं। इंस्टाग्राम पर वह ‘विक्टर विनय’ और ‘क्रेजी विनय’ जैसे नामों से अकाउंट चलाता था। इन प्रोफाइल पर उसकी महंगी जीवनशैली और लग्जरी सामान के साथ तस्वीरें सामने आई हैं।

रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के मेहरौरा का रहने वाला विनय शंकर वर्ष 2019 में पुलिस विभाग में आरक्षी के पद पर भर्ती हुआ था। पिछले करीब दो वर्षों से वह जौनपुर के लाइन बाजार थाने में तैनात था। बताया गया है कि इन दिनों वह कमर दर्द की समस्या से परेशान था। पुलिस जांच के दौरान उसके सोशल मीडिया अकाउंट भी चर्चा में आए हैं।

तीन इंस्टाग्राम अकाउंट की जानकारी आई सामने

जानकारी के मुताबिक, विनय सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था। उसने अलग-अलग नामों से तीन इंस्टाग्राम अकाउंट बना रखे थे। इनमें ‘विक्टर विनय’ और ‘क्रेजी विनय’ नाम के अकाउंट की जानकारी पुलिस को मिली है। उसकी प्रोफाइल पर लेटेस्ट आईफोन के साथ तस्वीरें और महंगी जीवनशैली से जुड़ी पोस्ट दिखाई देती हैं। उसने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर व्हाट्सएप नंबर भी सार्वजनिक कर रखा था।

‘वर्क स्मार्ट, नॉट हार्ड’ वाली पोस्ट भी चर्चा में

विनय के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘वर्क स्मार्ट, नॉट हार्ड’ यानी मेहनत के बजाय समझदारी से काम करने का संदेश देने वाली पोस्ट भी मौजूद है। सोना लूटकांड में उसका नाम सामने आने के बाद यह पोस्ट भी चर्चा में आ गई है।

हालांकि, सोशल मीडिया पर लग्जरी लाइफस्टाइल दिखाना या इस तरह की पोस्ट करना किसी अपराध में शामिल होने का प्रमाण नहीं है। दिल्ली के सराफा कारोबारी से सोना लूटने के मामले में विनय शंकर की वास्तविक भूमिका जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।