कांवड़ यात्रा से पहले बिजली विभाग अलर्ट, लापरवाह अधिकारियों पर गिरी गाज

 24 घंटे में बदलें सभी जले ट्रांसफार्मर, ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम
 
बिजली विभाग में बड़ा एक्शन: XEN सस्पेंड, SE को अंतिम चेतावनी, 24 घंटे का अल्टीमेटम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में निर्बाध विद्युत आपूर्ति और जले हुए ट्रांसफार्मरों के समयबद्ध प्रतिस्थापन को लेकर योगी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। गाजीपुर के जमानिया के अधिशासी अभियंता (XEN) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जबकि देवरिया के लार क्षेत्र में कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर गोरखपुर (द्वितीय) के मुख्य अभियंता (CE) को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। गाजीपुर के अधीक्षण अभियंता (SE) को भी अंतिम चेतावनी जारी करते हुए भविष्य में लापरवाही पर निलंबन की कार्रवाई की बात कही गई।

बैठक में पावर कॉरपोरेशन के अपर मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष आशीष गोयल, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक नितीश कुमार, मयूर माहेश्वरी सहित सभी डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पूर्वांचल के नवागत प्रबंध निदेशक के लिए यह पहला समीक्षा दिवस रहा, जिसमें विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए गए।

100 से अधिक ट्रांसफार्मर अब तक नहीं बदले

समीक्षा के दौरान सामने आया कि गाजीपुर जिले में 100 से अधिक जले हुए विद्युत ट्रांसफार्मरों का अब तक प्रतिस्थापन नहीं किया गया है। इस पर अध्यक्ष आशीष गोयल ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए वाराणसी जोन-2 के मुख्य अभियंता तथा संबंधित अधीक्षण अभियंता को 24 घंटे के भीतर सभी लंबित ट्रांसफार्मर बदलने के निर्देश दिए। बैठक समाप्त होने के तुरंत बाद दोनों अधिकारी स्थिति का जायजा लेने के लिए गाजीपुर रवाना हो गए।

जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पूर्वांचल में बिजली से संबंधित जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अकर्मण्य एवं गैर-जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कांवड़ यात्रा को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश

श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को देखते हुए मंत्री ने सभी अधिकारियों को कांवड़ मार्गों पर ढीले बिजली के तारों को कसने, झुके हुए विद्युत पोलों को सीधा कराने, खुले ट्रांसफार्मरों एवं जंक्शन बॉक्स को सुरक्षित ढंग से कवर करने तथा श्रद्धालुओं के मार्गों पर 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निगरानी टीमों को लगातार सक्रिय रखने पर जोर दिया, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

 जनता को समयबद्ध बिजली सेवा देना सरकार की प्राथमिकता

ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि जनता को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध विद्युत सेवा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि 10 से 12 दिनों तक जले हुए ट्रांसफार्मरों का प्रतिस्थापन न होना गंभीर लापरवाही है और यह जनता के हितों के साथ खिलवाड़ है। ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।